छतरपुर/राजगढ़। इस वक्त MP के राजगढ़ से एक अत्यंत दुखद खबर सामने आई है। छतरपुर के मूल निवासी 42 वर्षीय राघवेंद्र विश्वकर्मा की शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में मौत हो गई। राजगढ़ से भाजपा विधायक अमर सिंह यादव की तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में राघवेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिन्होंने भोपाल के अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे में उनके 11 वर्षीय पुत्र लक्ष्य को भी चोटें आई हैं।


जानकारी के अनुसार, छतरपुर के रहने वाले राघवेंद्र विश्वकर्मा वर्ष 2015 से नौकरी के सिलसिले में राजगढ़ जिले के कुरावर स्थित न्यू मार्केट कॉलोनी में परिवार सहित रह रहे थे। वे पीलूखेड़ी स्थित हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) में पदस्थ थे। शनिवार सुबह करीब 8:30 बजे वे अपने 11 वर्षीय बेटे लक्ष्य के साथ बाइक (MP 04 QM 5768) से फल और सब्जी खरीदकर घर लौट रहे थे। नेशनल हाईवे पर स्थित 'छोटे महाकाल मंदिर' के सामने कट पॉइंट से रोड क्रॉस करते समय भोपाल से राजगढ़ की ओर जा रही भाजपा विधायक अमर सिंह यादव की फॉर्च्यूनर कार (MP 04 WC 0111) ने उनकी बाइक को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और एयरबैग खुल गए।


भोपाल में इलाज के दौरान तोड़ा दम

टक्कर लगते ही पिता-पुत्र सड़क पर जा गिरे। हादसे के समय कार में मौजूद विधायक अमर सिंह यादव तत्काल नीचे उतरे और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को अपनी ही गाड़ी में बैठाकर कुरावर के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। राघवेंद्र की नाजुक स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें तत्काल भोपाल रेफर कर दिया, जहां डॉक्टरों के अथक प्रयासों के बावजूद उन्होंने दम तोड़ दिया। मासूम बेटे के सामने पिता की मौत से हर कोई स्तब्ध है।


छतरपुर में परिजनों में मचा कोहराम, कार चालक पर FIR दर्ज

राघवेंद्र विश्वकर्मा के परिवार में उनकी पत्नी, एक बेटी और दो बेटे हैं। जैसे ही उनके गृह जिले छतरपुर और कुरावर में परिजनों को इस दुखद घटना की सूचना मिली, कोहराम मच गया। पुलिस के अनुसार, घटना के वक्त विधायक की फॉर्च्यूनर कार को उनका ड्राइवर चला रहा था। कुरावर थाना पुलिस ने दोनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त कर लिया है और कार चालक के खिलाफ लापरवाही पूर्वक वाहन चलाने का मामला (FIR) दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।