दिसपुर। इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (आईआईटी), गुवाहाटी में नौकरी करने की इच्छा रखने वालों के लिए एक सुनहरा मौका सामने आया है। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान ने प्रोजेक्ट इंजीनियर सहित अलग-अलग कुल 6 पदों पर भर्ती के लिए अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर एक अधिसूचना जारी की है। आईआईटी-गुवाहाटी की ओर से जारी 6 रिक्तियों में सीनियर प्रोजेक्ट इंजीनियर का 1, प्रोजेक्ट इंजीनियर के 2 और एसोसिएट प्रोजेक्ट इंजीनियर के 3 पद शामिल हैं। इन सभी पोस्ट के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। अप्लाई करने की अंतिम तिथि 15 जून तय की गई है। ऐसे में जो पात्र और इच्छुक उम्मीदवार एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे आईआईटी-गुवाहाटी के ऑफिशियल पोर्टल पर जाकर तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं।
अभ्यर्थियों के पास के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से सीनियर प्रोजेक्ट इंजीनियर पद के लिए स्ट्रक्चरल इंजीनियरिंग में एमटेक की डिग्री के साथ संबंधित कार्यों में 6 वर्ष का अनुभव होना चाहिए। वहीं, प्रोजेक्ट इंजीनियर और एसोसिएट प्रोजेक्ट इंजीनियर पद के लिए कैंडिडेट्स के पास सिविल इंजीनियरिंग में बीटेक की डिग्री और संबंधित कार्य क्षेत्र में 3 से 6 वर्षों का अनुभव होना चाहिए।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन उम्मीदवारों की शैक्षणिक योग्यता और अनुभव के आधार पर शॉर्टलिस्टिंग, टेस्ट या इंटरव्यू और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के आधार पर की जाएगी, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी पद अनुसार 49,000 से 75,000 रुपए के बीच प्रतिमाह होगी। इसी के साथ कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।
इंटरव्यू 17 जून को सुबह 10 बजे से ऑनलाइन माध्यम से आयोजित किए जाएंगे, जिसके बारे में शॉर्टलिस्ट किए गए उम्मीदवारों को ईमेल के जरिए सूचित किया जाएगा। भर्ती से जुड़ी ज्यादा जानकारी के लिए उम्मीदवार आईआईटी-गुवाहाटी की ओर से संबंधित पदों के लिए जारी नोटिफिकेशन चेक कर सकते हैं।

