नई दिल्ली, 10 अप्रैल । कांग्रेस सांसद तारिक अनवर ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर प्रदेश की जनता से विश्वासघात करने का आरोप लगाया है और उन्हें उनका चुनावी वादा याद दिलाया है। नई दिल्ली में आईएएनएस से बातचीत में कांग्रेस सांसद तारिक अनवर ने कहा कि चुनाव के दौरान नीतीश कुमार ने पांच साल बिहार की सेवा करने का वादा किया था। अब उन्होंने अपना फैसला बदल दिया है, जो बिहार की जनता के साथ विश्वासघात है।

कांग्रेस सांसद ने कहा कि नीतीश कुमार ने जिस भी दबाव में फैसला बदला है, बिहार की जनता ने उसे स्वीकार नहीं किया है। हालांकि, नीतीश कब पलट जाएं, इस बारे में भी कहा नहीं जा सकता है।

कांग्रेस नेता पवन खेड़ा को मिली जमानत पर तारिक अनवर ने कोर्ट के फैसले का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि हाईकोर्ट का फैसला सही है। उन्होंने असम पुलिस पर आरोप लगाते हुए कहा कि पवन खेड़ा के पीछे ऐसी कार्रवाई की जा रही थी, जैसे उन्होंने कोई बहुत बड़ा अपराध किया हो।

तारिक अनवर ने कहा कि मुख्यमंत्री की पत्नी पर पवन खेड़ा द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच चुनाव आयोग को तुरंत करनी चाहिए थी।

अमेरिका और ईरान के बीच सीजफायर कराने में पाकिस्तान की भूमिका पर तारिक अनवर ने कहा कि पाकिस्तान नोबेल पुरस्कार की मांग कर रहा है, जो बकवास है। उन्होंने कहा कि यह काम भारत को करना चाहिए था लेकिन भारत की विदेश नीति सही दिशा में नहीं जा रही है। यही वजह है कि हम हर जगह पिछड़ जाते हैं।

बंगाल में ओवैसी की पार्टी द्वारा हुमायूं कबीर के साथ गठबंधन तोड़ने और उनके वीडियो पर तारिक अनवर ने कहा कि वीडियो ने हुमायूं कबीर की असलियत सामने ला दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह भाजपा का चुनावी दांव था, जिसके जरिए पार्टी अपने वोट वापस हासिल करना चाहती थी।

उन्होंने कहा कि अच्छी बात है कि उनकी पोल खुल गई और अब यह साबित हो चुका है कि यह भाजपा का खेल था।

विदेश मंत्री एस. जयशंकर की मॉरीशस यात्रा पर तारिक अनवर ने कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि हमारी विदेश नीति पूरी तरह नाकाम साबित हो रही है। अगर जाना ही था तो पहले जाना चाहिए था और पहले पहल करनी चाहिए थी।