सतना,अंबिका केशरी। नगर निगम क्षेत्र के नई बस्ती इलाके में खोली जा रही शराब दुकान को लेकर स्थानीय लोगों का गुस्सा आखिरकार प्रशासनिक कार्रवाई में बदल गया। लंबे समय से शिकायतों के बावजूद कोई ठोस कदम न उठाए जाने से नाराज रहवासियों ने दुकान के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया, जिसके बाद प्रशासन हरकत में आया और अवैध रूप से संचालित दुकान को सील कर दिया गया।
प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं और पुरुष मौके पर एकत्र हुए और शराब दुकान हटाने की मांग को लेकर नारेबाजी की। स्थानीय लोगों का कहना था कि रिहायशी क्षेत्र में शराब दुकान खोले जाने से सामाजिक वातावरण बिगड़ रहा था और आए दिन विवाद की स्थिति बन रही थी। लगातार विरोध और जनदबाव के चलते प्रशासन को मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करनी पड़ी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम राहुल सिलाड़िया, कोलगवां थाना पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान सामने आया कि जिस स्थान पर शराब दुकान संचालित की जा रही थी, वह खसरा नंबर 14 के अंश भाग की सरकारी भूमि है। इस जमीन पर अवैध कब्जा कर दुकान का निर्माण किया गया था।
एसडीएम राहुल सिलाड़िया ने बताया कि प्रारंभिक जांच में अवैध कब्जे के स्पष्ट तथ्य सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि इस मामले को अब न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा, जहां सभी पक्षों की सुनवाई के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। फिलहाल प्रशासन ने दुकान को सील कर दिया है और संबंधित प्रकरण में कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
स्थानीय लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि कब्जाधारी ने न केवल सरकारी जमीन पर दुकान बनाई, बल्कि वहां लगे सरकारी हैंडपंप पर भी कब्जा कर उसमें सबमर्सिबल पंप डाल दिया। इससे क्षेत्र में पानी की समस्या और बढ़ गई थी, जिससे रहवासियों में आक्रोश था।
गौरतलब है कि इस मुद्दे को लेकर यह दूसरा बड़ा प्रदर्शन था, जिसका नेतृत्व पूर्व पार्षद अजय सिंह मिंटू ने किया। लगातार विरोध और जनदबाव के बाद प्रशासन को कार्रवाई के लिए मजबूर होना पड़ा।
फिलहाल इस कार्रवाई से क्षेत्रीय लोगों में संतोष का माहौल है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे अवैध कब्जों के खिलाफ सख्त और लगातार कार्रवाई जारी रखी जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों।

