अजयगढ़, मोहम्मद मुस्तकीम। पन्ना जिले के अजयगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत धरमपुर पुलिस चौकी के भखुरी गांव में एक नवविवाहित दंपती द्वारा जहरीले पदार्थ का सेवन किए जाने का मामला सामने आया है। इस दर्दनाक घटना में पति-पत्नी दोनों की मौत हो गई, जिससे पूरे गांव और परिवार में शोक की लहर फैल गई है।
जानकारी के अनुसार शनिवार रात करीब 8 बजे परिवार के सभी सदस्य एक साथ बैठकर भोजन कर रहे थे। भोजन के बाद 25 वर्षीय सागर यादव और उसकी 23 वर्षीय पत्नी श्यामकली अपने कमरे में सोने चले गए। कुछ देर बाद कमरे से अचानक चीखने-चिल्लाने और उल्टियां होने की आवाजें आने लगीं। परिजन जब मौके पर पहुंचे तो दोनों की हालत गंभीर थी।
परिजनों ने तत्काल दोनों को अजयगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल पन्ना रेफर कर दिया गया। रास्ते में श्यामकली ने दम तोड़ दिया, जबकि सागर यादव की जिला अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि सागर यादव चार बहनों का इकलौता भाई था। दोनों की शादी करीब तीन वर्ष पूर्व हुई थी और उनका जीवन सामान्य रूप से चल रहा था। घटना के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो सका है।
धरमपुर थाना प्रभारी अनिल राजपूत ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। नवविवाहिता की मौत होने के कारण पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की गहन जांच कर रही है। रविवार को दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस आत्मघाती कदम के पीछे की वास्तविक वजह जानने के लिए परिजनों और अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ कर रही है।




