छतरपुर, शिवम सोनी। छतरपुर जिले के खजुराहो थाना क्षेत्र से एक संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। खजुराहो निवासी 51 वर्षीय पंकज नारायण अग्रवाल (पिता हरिशंकर अग्रवाल) की संदिग्ध परिस्थितियों में दवा सेवन के बाद मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में चर्चा है कि उन्होंने किसी जहरीले पदार्थ का सेवन किया था, जबकि परिजनों का कहना है कि नियमित दवाइयों के अत्यधिक सेवन (ओवरडोज) के कारण अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी और जान चली गई।
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, पंकज अग्रवाल का पल्स (नाड़ी/हृदय गति) से संबंधित बीमारी का लंबे समय से इलाज चल रहा था और वे नियमित रूप से दवाइयों का सेवन कर रहे थे। परिजनों को सुबह करीब 8:30 बजे उनकी बिगड़ती स्थिति के बारे में जानकारी लगी, जिसके कुछ ही देर में उनकी हालत अत्यधिक गंभीर हो गई और मौके पर ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
परिजन आनन-फानन में उन्हें उपचार के लिए छतरपुर जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां ड्यूटी डॉक्टरों ने स्वास्थ्य परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
अस्पताल से मिली सूचना के आधार पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। खजुराहो पुलिस ने मर्ग कायम कर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विसरा जांच के नतीजे सामने आने के बाद ही मौत के सही और वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।




