आइजोल/अगरतला, 26 अक्टूबर । इंद्रधनुष गैस ग्रिड लिमिटेड (आईजीजीएल) द्वारा उत्तरी त्रिपुरा के पानीसागर को आइजोल से जोड़ने वाली 119.45 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन के निर्माण कार्य के चलते मिजोरम को घरेलू खाना पकाने के लिए 2028 की शुरुआत तक पाइपलाइन के जरिए प्राकृतिक गैस (पीएनजी) कनेक्शन मिलने की उम्मीद है।

मिजोरम की खाद्य, नागरिक आपूर्ति और उपभोक्ता मामलों की मंत्री बी. लालछनजोवा ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ सोमवार को मामित जिले के तुइदाम का दौरा किया और पूर्वोत्तर गैस ग्रिड परियोजना के तहत विकसित की जा रही पानीसागर-आइजोल पाइपलाइन पर चल रहे कार्यों का निरीक्षण किया।

मंत्री ने कहा कि वैश्विक संघर्षों और परिणामस्वरूप ऊर्जा आपूर्ति में व्यवधान के कारण मिजोरम में द्रवीकृत पेट्रोलियम गैस (एलपीजी) की समय-समय पर कमी हो जाती है, जिससे घरेलू खाना पकाने की व्यवस्था प्रभावित होती है। इन चुनौतियों का समाधान करने और खाना पकाने के ईंधन की विश्वसनीय आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए पूर्वोत्तर गैस ग्रिड परियोजना के तहत पूर्वोत्तर राज्यों में 1,656 किलोमीटर प्राकृतिक गैस पाइपलाइन बिछाने के लिए लगभग 9,265 करोड़ रुपए का निवेश किया जा रहा है। उन्होंने यह जानकारी दी।

मंत्री के अनुसार, इस परियोजना के तहत आईजीजीएल लगभग 491 करोड़ रुपए की अनुमानित लागत से मिजोरम को त्रिपुरा नेचुरल गैस कंपनी लिमिटेड (टीएनजीसीएल) से जोड़ रही है। यह पहल शुरू में मामित और आइजोल जिलों को कवर करेगी। पाइपलाइन के मार्च-अप्रैल 2027 तक मामित शहर और मार्च-अप्रैल 2028 तक आइजोल जिले के सिहमई तक पहुंचने की उम्मीद है।

लालछनजोवा ने कहा कि आईजीजीएल द्वारा मुख्य पाइपलाइन के पूरा होने के बाद टीएनजीसीएल दोनों जिलों में घरों और अन्य उपभोक्ताओं को प्राकृतिक गैस (पीएनजी) कनेक्शन प्रदान करना शुरू कर देगा, जिससे राज्य में स्वच्छ और अधिक सुविधाजनक खाना पकाने का ईंधन उपलब्ध होगा।

उन्होंने आशा व्यक्त की कि प्राकृतिक गैस की उपलब्धता से मिजोरम में भी अन्य राज्यों की तरह वाहनों के लिए सीएनजी की शुरुआत में सुविधा होगी, जिससे पारंपरिक ईंधनों पर निर्भरता कम करने में मदद मिलेगी।

मंत्री ने आईजीजीएल के अधिकारियों से काम में तेजी लाने का आग्रह किया ताकि राज्य के लोगों को जल्द से जल्द पाइपलाइन के माध्यम से गैस मिल सके। उन्होंने कंपनी को परियोजना को पूरा करने में मिजोरम सरकार के पूर्ण सहयोग का आश्वासन भी दिया।

मंत्री ने परियोजना के समय पर पूरा होने को सुनिश्चित करने के लिए सरकारी विभागों, जिला प्रशासनों और स्थानीय समुदायों के बीच घनिष्ठ समन्वय की आवश्यकता पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान, मंत्री ने तुइदाम पहुंच मार्ग के साथ बुनियादी ढांचे से संबंधित मुद्दों की भी समीक्षा की।

अधिकारियों ने बताया कि पाइपलाइन मार्ग के 1.5 किलोमीटर के खंड के कई हिस्सों को चौड़ा करने की आवश्यकता है। यह सुनिश्चित करने के लिए कि कार्य से मौजूदा सड़क मरम्मत योजनाओं में कोई बाधा न आए, आईजीजीएल और लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारियों ने अपनी गतिविधियों के समन्वय के लिए घटनास्थल पर चर्चा की।

पाइपलाइन की कुल लंबाई 119.45 किलोमीटर है, जिसमें से लगभग 15.105 किलोमीटर त्रिपुरा के छह गांवों से होकर गुजरेगी, जबकि शेष 104.345 किलोमीटर आइजोल से जुड़ने से पहले मिजोरम के 20 गांवों से होकर गुजरेगी।

इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (आईओसीएल), ऑयल एंड नेचुरल गैस कॉर्पोरेशन (ओएनजीसी, गेल (इंडिया) लिमिटेड, ऑयल इंडिया लिमिटेड (ओईएल) और असम की नुमालीगढ़ रिफाइनरी लिमिटेड (एनआरएल) द्वारा प्रवर्तित संयुक्त उद्यम आईजीजीएल, पूर्वोत्तर गैस ग्रिड के हिस्से के रूप में इस पाइपलाइन परियोजना का कार्यान्वयन कर रहा है।