भोपाल, जीतेन्द्र यादव। स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर MBBS इंटर्न डॉक्टरों ने मंगलवार को राजधानी भोपाल में चक्का जाम कर प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में इंटर्न डॉक्टर कमला पार्क रोड पर सड़क पर बैठ गए और सरकार से स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग की। डॉक्टरों की मांग है कि वर्तमान में मिल रहे 14,377 रुपए के स्टाइपेंड को बढ़ाकर 30 हजार रुपए प्रतिमाह किया जाए।


प्रदर्शन के चलते कमला पार्क रोड पर यातायात प्रभावित हुआ और सड़क पर भारी जाम की स्थिति बन गई। खास बात यह है कि प्रदर्शनकारी इंटर्न डॉक्टर सीएम हाउस से करीब 200 मीटर की दूरी पर सड़क पर बैठकर अपनी मांगों को लेकर विरोध जता रहे हैं। स्थिति को देखते हुए मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।


रात में पुलिस कार्रवाई का भी विरोध

MBBS इंटर्न डॉक्टरों ने बीती रात प्रदर्शन के दौरान पुलिस द्वारा किए गए लाठीचार्ज और वाटर कैनन के इस्तेमाल का भी विरोध किया। डॉक्टरों का आरोप है कि उनकी मांगों को लेकर किए जा रहे प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने बल प्रयोग किया। इसी कार्रवाई के विरोध में भी डॉक्टरों ने मंगलवार को प्रदर्शन किया।


पुलिस बल प्रयोग की जांच के आदेश

इधर, MBBS इंटर्न डॉक्टरों के प्रदर्शन के दौरान पुलिस द्वारा किए गए बल प्रयोग और वाटर कैनन की कार्रवाई को लेकर जांच के आदेश दिए गए हैं। एडिशनल कमिश्नर शैलेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि बीते दिन की कार्रवाई भोपाल पुलिस कमिश्नर और वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर की गई थी।


उन्होंने बताया कि वरिष्ठ अधिकारियों ने मामले के सभी पहलुओं की जांच कर पूरी तरह निष्पक्ष कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। वहीं, इंटर्न डॉक्टरों की शिकायत के बाद कुछ नए पहलू सामने आए हैं, जिनकी भी जांच की जाएगी। एडिशनल कमिश्नर के मुताबिक, इन पहलुओं पर जांच के बाद उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल और कमिश्नर के निर्देशों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।