भोपाल, जीतेन्द्र यादव। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' का प्रसारण रविवार को भोपाल में साधु-संतों के साथ सुना गया। इस अवसर पर मध्य प्रदेश सरकार के मंत्री विश्वास सारंग भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के बाद उन्होंने कहा कि 'मन की बात' देशभर में हो रहे सकारात्मक कार्यों को सामने लाने का एक सार्थक माध्यम बन गया है, जो समाज को नई प्रेरणा और दिशा देता है।
विश्वास सारंग ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हर 'मन की बात' कार्यक्रम नई जानकारी, प्रेरक संदेश और समाज को जागरूक करने वाले विषयों से भरपूर होता है। उन्होंने कहा कि "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के जरिए पर्यावरण संरक्षण का संदेश पूरे देश में पहुंचा है। इसके साथ ही प्लास्टिक मुक्त भारत, प्रदूषण नियंत्रण और पर्यावरण बचाने जैसे विषयों पर भी प्रधानमंत्री ने लगातार लोगों को जागरूक किया है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने छोटे-छोटे नवाचारों और महिला सशक्तिकरण के उदाहरणों का भी उल्लेख किया। बहनों द्वारा हर्बल चाय निर्माण जैसे छोटे प्रकल्पों के माध्यम से आत्मनिर्भरता और रोजगार सृजन की प्रेरणा देने का प्रयास सराहनीय है। सारंग ने कहा कि आज उन्होंने साधु-संतों के साथ बैठकर 'मन की बात' सुनी, जो एक प्रेरणादायी अनुभव रहा।
दतिया विधानसभा उपचुनाव को लेकर पूछे गए सवाल पर विश्वास सारंग ने दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी प्रचंड बहुमत से चुनाव जीतेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस गुटों और गिरोहों में बंटी हुई है और उसके कई स्टार प्रचारक चुनाव प्रचार से दूरी बनाए हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ भी हार की आशंका के चलते प्रचार से दूर हैं।
सारंग ने कहा कि दतिया की जनता ने डबल इंजन सरकार के पक्ष में मन बना लिया है और भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी विधायक बनकर विधानसभा पहुंचेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि उपचुनाव में भाजपा को स्पष्ट और निर्णायक जीत मिलेगी।




