इंदौर। शहर के कनाड़िया थाना क्षेत्र स्थित बिचौली मर्दाना इलाके में मंगलवार रात एक तेंदुए के रिहायशी क्षेत्र में घुस आने से लोगों में दहशत फैल गई। रात करीब 8:30 बजे तेंदुए ने सड़क से गुजर रहे एक बाइक सवार पर झपट्टा मार दिया। युवक ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसके बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमला करने के बाद तेंदुआ एक मकान के बाथरूम में घुस गया। कुछ देर बाद वह वहां से निकलकर श्रीजी वैली की ओर भाग गया। सूचना मिलते ही कनाड़िया पुलिस और वन विभाग की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और देर रात तक सर्च ऑपरेशन चलाया गया।
तेंदुए की गतिविधियों का पता लगाने के लिए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। वहीं आसपास की कॉलोनियों और गांवों में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। एहतियात के तौर पर पुलिस की गाड़ियां लगातार गश्त कर रही हैं और लोगों से अपील की गई है कि रात में अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें तथा तेंदुआ दिखाई देने पर तुरंत पुलिस या वन विभाग को सूचना दें।
वन विभाग की प्रारंभिक आशंका है कि लगातार हो रही बारिश के कारण तेंदुआ खुड़ैल के जंगल से निकलकर आबादी वाले क्षेत्र में पहुंच गया। वन विभाग की रेंजर संगीता ठाकुर ने बताया कि रात करीब एक बजे तक सर्चिंग अभियान चलाया गया था। तेंदुआ देवगुराड़िया की पहाड़ी की ओर जाता दिखाई दिया था। फिलहाल उसकी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है और सूचना मिलते ही टीम मौके पर रवाना की जाएगी।




