नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा मेलबर्न में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए 'ऑपरेशन सिंदूर' और भारत की बढ़ती सैन्य एवं आर्थिक ताकत का उल्लेख किए जाने के बाद विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने उनकी बात का समर्थन किया। भाजपा और जेडीयू नेताओं ने कहा कि नए भारत ने आतंकवाद के खिलाफ अपनी निर्णायक क्षमता का प्रदर्शन किया है और वैश्विक स्तर पर देश की आर्थिक व सामरिक स्थिति लगातार मजबूत हुई है।

पीएम मोदी द्वारा 'ऑपरेशन सिंदूर' पर दिए गए बयान पर राजस्थान भाजपा अध्यक्ष मदन राठौर ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि जब से पीएम मोदी प्रधानमंत्री बने हैं, वह विकसित भारत बनाने की दिशा में काम कर रहे हैं। 'ऑपरेशन सिंदूर' के जरिए मोदी सरकार ने आतंकवादी ठिकानों को ही नष्ट कर दिया। आतंकियों के ठिकानों पर हमला किया।

उन्होंने कहा कि पहले हम सुना करते थे कि ओसामा बिन लादेन को अमेरिका ने मार गिराया। अब भारत ने भी देश में बैठे-बैठे मिसाइल का बटन दबाकर आतंकियों के ठिकाने नष्ट कर दिए। हमने तकनीक विकसित कर ली है। पहले हम शस्त्र बाहर से खरीदते थे, लेकिन अब अपने शस्त्र बना रहे हैं, जिन्हें दूसरे देश भी खरीदना चाहते हैं।

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता आरपी सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने बिल्कुल सही कहा कि भारत ने दुनिया को दिखा दिया है कि कूटनीतिक और रक्षा क्षेत्र में हम कितने ताकतवर हैं। हमने पाकिस्तान में मौजूद आतंकी अड्डों को नष्ट कर दिया। हमारे हथियार सफल रहे हैं, जिससे कई देश इन्हें खरीदने के लिए आगे आ रहे हैं।

बिहार भाजपा प्रवक्ता गुरु प्रकाश ने कहा कि पहले के भारत का दौर सबको याद है, लेकिन 2014 के बाद यह नया भारत है। कोई भी शक्ति हमारी संप्रभुता और सम्मान को ठेस नहीं पहुंचा सकती और अगर ऐसा कोई करता है तो भारत ने अपनी शक्ति और पराक्रम का परिचय बार-बार दिया है, जिसे पूरे विश्व ने स्वीकार किया है।

उन्होंने कहा कि आर्थिक और वैश्विक संकटों के बावजूद भारत की अर्थव्यवस्था लगातार नई ऊंचाइयों को छू रही है और हमें विश्वास है कि हम जल्द ही दुनिया की शीर्ष तीन अर्थव्यवस्थाओं में शामिल होंगे। दक्षिणी ध्रुव (लूनर साउथ पोल) पर पहुंचने वाला भारत पहला देश है। जिस तरह चंद्रयान सफल हुआ है, उसी तरह गगनयान भी सफल होगा।

जेडीयू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन ने कहा कि पहलगाम में निर्दोष लोगों की हत्या के बाद भारत ने पाकिस्तान पर हमला कर दुनिया को बता दिया कि पाकिस्तान आतंकवाद को बढ़ावा देने वाला देश हो सकता है, लेकिन भारत का मुकाबला करने की उसकी हैसियत नहीं है। 72 घंटे के संघर्ष के दौरान आतंकी ठिकानों पर हमला किया गया, 100 से अधिक आतंकियों को मार गिराया गया और सैन्य ठिकानों को भी नष्ट किया गया। यह भारतीय सेना के शौर्य और पराक्रम का एक शानदार अध्याय है।

उन्होंने यह भी कहा कि पश्चिम एशिया के संकट और कोरोना काल के दौरान दुनिया को कई परेशानियों का सामना करना पड़ा, लेकिन भारत 7 प्रतिशत की वृद्धि दर के साथ अपनी अर्थव्यवस्था को आगे बढ़ा रहा है और जल्द ही दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने का लक्ष्य हासिल कर लेगा।