मंदसौर, ललित शंकर धाकड़। शहर के सबसे महत्वपूर्ण और व्यस्त मार्गों में शामिल अंबेडकर चौराहे से कोर्ट रोड तक की बदहाल सड़क एक बार फिर चर्चा का विषय बन गई है। गहरे गड्ढों और बारिश के बाद कीचड़ से लबालब इस सड़क ने आम नागरिकों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। लंबे समय से सड़क की मरम्मत की मांग के बावजूद कार्रवाई नहीं होने से नाराज लोगों ने सड़क पर उतरकर चक्काजाम कर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए चेतावनी दी कि यदि जल्द सड़क का पुनर्निर्माण नहीं कराया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।


यह मार्ग जिला न्यायालय सहित कई प्रमुख सरकारी कार्यालयों तक पहुंचने का मुख्य रास्ता है। प्रतिदिन इसी सड़क से अधिवक्ता, न्यायिक अधिकारी, कलेक्टर, एसडीएम, तहसीलदार सहित हजारों नागरिक गुजरते हैं। सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढों में बारिश का पानी भर जाने से दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना हुआ है। दोपहिया वाहन चालक फिसलकर घायल हो रहे हैं, छोटे बच्चे गिर रहे हैं और चारपहिया वाहन भी गड्ढों में फंसने को मजबूर हैं।


स्थानीय नागरिकों का कहना है कि नगर पालिका, जनप्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों से कई बार सड़क की मरम्मत की मांग की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई। लोगों का आरोप है कि जिम्मेदार अधिकारी प्रतिदिन इसी मार्ग से गुजरते हैं, इसके बावजूद सड़क की जर्जर स्थिति पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है।


आक्रोशित नागरिकों ने कहा कि यह केवल सड़क निर्माण का मामला नहीं, बल्कि आम लोगों की सुरक्षा और जीवन से जुड़ा गंभीर मुद्दा है। प्रदर्शन के दौरान कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। लोगों ने स्पष्ट किया कि जब तक सड़क का स्थायी समाधान नहीं किया जाएगा, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा।


शहरवासियों का कहना है कि जिले के सबसे महत्वपूर्ण मार्ग की यह बदहाली प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि संबंधित विभाग सड़क के पुनर्निर्माण के लिए कब तक ठोस कदम उठाता है।