भिंड, अक्षय जोशी । शहर के पार्क मोहल्ले में एक युवक का अपहरण कर उसके साथ बेरहमी से मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। घटना से क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही देहात थाना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मामले की जांच शुरू की और आरोपियों की तलाश में जुट गई।


पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में शामिल तीन मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। देहात थाना प्रभारी शिव प्रताप सिंह के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई की क्षेत्र में व्यापक चर्चा रही। आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उनका जुलूस उनके ही मोहल्ले में निकाला, जिससे लोगों को कानून व्यवस्था का संदेश दिया जा सके।


जुलूस के दौरान पुलिस द्वारा “अपराध करना पाप है” का संदेश दिया गया। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र के लोगों ने राहत महसूस की, वहीं अपराधियों में खौफ का माहौल देखने को मिला। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है।