बीना, बृजेन्द्र सिंह राजपूत। क्षेत्र के ग्राम पड़रिया में सुबह जमीनी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि खेत पर हुए विवाद के दौरान 40 वर्षीय रीना बाई दांगी को उनके 14 वर्षीय बेटे के सामने डीजल डालकर आग के हवाले कर दिया गया। गंभीर रूप से झुलसी महिला को डायल 112 की टीम ने तत्काल सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सागर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 7:30 बजे रीना बाई दांगी अपने 14 वर्षीय बेटे के साथ खेत पर पहुंची थीं। वहां गांव के कुछ लोग कृषि कार्य कर रहे थे, जिसका उन्होंने विरोध किया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया। पीड़िता का आरोप है कि विवाद के दौरान आरोपियों ने पहले उनके बेटे पर ट्रैक्टर चढ़ाने की कोशिश की और इसके बाद रीना बाई पर डीजल डालकर आग लगा दी। बेटे ने किसी तरह आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक महिला गंभीर रूप से झुलस चुकी थीं।
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की दोनों टीमें मौके पर पहुंचीं। आरक्षक धर्मेंद्र, विक्रम, पायलट अजय और इमरत सेन ने तत्परता दिखाते हुए घायल महिला को मौके से उठाकर तत्काल बीना सिविल अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने महिला की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें सागर जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही नई बस्ती पुलिस चौकी से प्रधान आरक्षक विनोद यादव अस्पताल पहुंचे और पीड़िता से घटना की जानकारी ली। पुलिस ने मामले से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत करा दिया है। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है तथा आरोपों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।




