झांसी। उत्तर प्रदेश के झांसी में ‘अमृत योजना’ के तहत संचालित महानगर पुनर्गठन पेयजल योजना (फेज-2) के अंतर्गत एक बड़ा तकनीकी कार्य होने जा रहा है। योजना के तहत बिछाई गई 1,600 एमएम (MM) व्यास की नई राइजिंग मेन पाइप लाइन को माताटीला बांध पर स्थित इंटेक वेल से जोड़ने का काम 27 अक्टूबर से शुरू होगा। इस इंटर कनेक्शन कार्य के चलते 27 से 31 अक्टूबर (5 दिनों) तक नई पाइप लाइन से होने वाली पानी की आपूर्ति पूरी तरह बंद रहेगी।


30 MLD जलापूर्ति रहेगी ठप, पुरानी लाइन से मिलेगा पानी

जल निगम (निर्माण शाखा) के अधिशासी अभियंता मुकेश पाल सिंह ने जानकारी दी कि माताटीला बांध स्थित इंटेक वेल पर पहले से लगे पुराने पंपों को हटाकर अधिक क्षमता वाले नए पंपों को नई पाइप लाइन से जोड़ा जाएगा: इंटर कनेक्शन का काम 27 अक्टूबर की सुबह 8:00 बजे से शुरू होगा और 31 अक्टूबर तक पूरा होने की संभावना है। वर्तमान में शहर को कुल 100 एमएलडी (MLD - मिलियन लीटर प्रतिदिन) पानी मिलता है। कार्य के दौरान नई पाइप लाइन से होने वाली 30 MLD की आपूर्ति पूरी तरह बंद रहेगी। इन 5 दिनों में केवल पुरानी पाइप लाइन के जरिए 70 MLD पानी की आपूर्ति ही महानगर तक की जाएगी।


ये इलाके होंगे सीधे प्रभावित

जल निगम के अनुसार, इंटर कनेक्शन कार्य के दौरान निम्नलिखित मोहल्लों और क्षेत्रों में नई पाइप लाइन से जलापूर्ति बंद रहेगी तथा इन इलाकों में केवल पुरानी पाइप लाइन से आंशिक/कम दबाव से पानी सप्लाई किया जाएगा:

सीपरी बाजार, खातीबाबा, सिविल लाइंस और हंसारी

तालपुरा, ओल्ड बस स्टैंड (आंशिक हिस्सा), नरसिंह राव टौरिया (आंशिक हिस्सा)

दरीगरान-2, खंडेराव गेट, सागर गेट, सिलवटगंज, खुशीपुरा (आंशिक हिस्सा)

मसीहागंज, आयुर्वेदिक कॉलेज के आसपास का क्षेत्र, नगरा, पुलिया नंबर-9, लहरगिर्द

मेडिकल कॉलेज (आंशिक इलाका), गुमनावारा, नंदनपुरा, सिमरधा, कोछाभांवर, भगवंतपुरा, बिजौली और सिमराहा


जल निगम ने संबंधित क्षेत्रों के निवासियों से पानी का संयम से उपयोग करने और आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से बनाकर रखने की अपील की है।