नई दिल्ली। भारत के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज दीप दासगुप्ता का मानना है कि अनुभवी रवींद्र जडेजा का स्पिन के लिए मददगार पिचों पर गेंदबाजी करने का लंबा अनुभव श्रीलंका में होने वाली आगामी टेस्ट सीरीज में टीम के लिए बेहद अहम होगा।मौजूदा टीम में कई खिलाड़ी ऐसे हैं जो पहली बार श्रीलंका के टेस्ट दौरे पर आए हैं, जबकि जडेजा और केएल राहुल के पास ही श्रीलंका में टेस्ट क्रिकेट खेलने का अनुभव मौजूद है। राहुल 2015 और 2017 में श्रीलंका दौरे पर आई भारतीय टीम का हिस्सा थे। वहीं, जडेजा साल 2017 में 3-0 से जीत दर्ज करने वाली भारतीय टीम का हिस्सा रहे थे।
अपने यूट्यूब चैनल पर बात करते हुए दासगुप्ता ने कहा, "अगर अनुभव की बात करें, तो कई खिलाड़ियों के लिए श्रीलंका में यह पहली टेस्ट सीरीज है। मुझे लगता है कि जडेजा ऐसे खिलाड़ी हैं जिन्होंने पहले यहां खेला है। स्पिन के लिए मददगार पिचों पर भी ऐसा नहीं है कि आप आएं और गेंद को हिट करें और आपको विकेट मिल जाए। इसके बजाय, वहां अच्छा प्रदर्शन करने के लिए गति, लाइन और लेंथ में बदलाव करने की जरूरत होती है। जैसा कि हमने तेज गेंदबाजी में देखा है, अगर कोई हरी पिच दिखती है, तो कई खिलाड़ी जोश में आकर शॉर्ट बॉल फेंकने लगते हैं। गेंद में लेटरल मूवमेंट तो होता है, लेकिन बल्लेबाज आउट नहीं होता। स्पिन-फ्रेंडली पिचों पर भी सही लाइन और लेंथ पर गेंदबाजी करना एक कला है, जिससे गेंद टर्न होती है।"
पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज ने जडेजा की तारीफ करते हुए कहा, "जडेजा जानते हैं कि अपने अनुभव का इस्तेमाल कैसे करना है। उन्होंने पहले भी ऐसी पिचों पर खेला है और श्रीलंका में भी। मुझे लगता है कि उनके लिए अपना अनुभव साझा करना और उसे दूसरे नए और युवा खिलाड़ियों तक पहुंचाना महत्वपूर्ण होगा।" भारत और श्रीलंका के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का आगाज 15 अगस्त से होना है। सीरीज का पहला मुकाबला गाले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाना है। वहीं, सीरीज का दूसरा मैच 23 अगस्त से कोलंबो के सिंहली स्पोर्ट्स क्लब मैदान पर खेला जाना है।




