कोलकाता, 6 अप्रैल । कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने सोमवार को ईडन गार्डन्स में पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) के खिलाफ टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला लिया है। एक ओर केकेआर इस मुकाबले को जीतकर खाता खोलना चाहेगी, तो वहीं, दूसरी तरफ पीबीकेएस का लक्ष्य जीत की हैट्रिक लगाना होगा।

केकेआर की टीम दो बदलावों के साथ उतरी है। मेजबान टीम में वरुण चक्रवर्ती और सुनील नरेन के स्थान पर रोवमैन पॉवेल और नवदीप सैनी को शामिल किया गया है, जबकि पंजाब किंग्स की टीम में कोई बदलाव नहीं है।

टॉस जीतने के बाद केकेआर के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने कहा, "हम पहले बैटिंग करेंगे। विकेट अच्छा लग रहा है, थोड़ा सूखा है, लेकिन यह बहुत बढ़िया विकेट है और इस पर घास भी थोड़ी कम है। हमारी टीम में दो बदलाव किए गए हैं, जो मजबूरी में करने पड़े। पिछले मैच में कैच लेते समय वरुण चक्रवर्ती चोटिल हो गए थे और सुनील नरेन भी इस मैच में नहीं खेल रहे हैं। रोवमैन पॉवेल और नवदीप सैनी टीम में आए हैं।"

दूसरी ओर, टॉस गंवाकर श्रेयस ने बताया है कि वह वैसे भी गेंदबाजी ही चुनते, इसलिए रहाणे ने जो फैसला लिया, उससे खुश हैं। अय्यर ने बताया कि टीम के मेंटॉर रिकी पोंटिंग के साथ उनकी केमिस्ट्री तब से और भी अच्छी हो गई, जब वे दोनों दिल्ली कैपिटल्स में साथ थे। पोंटिंग को एक प्रेरणास्त्रोत बताते हुए अय्यर ने कहा कि उनके साथ काम करना एक जबरदस्त अनुभव है।

केकेआर ने इस सीजन अपना पहला मैच मुंबई इंडियंस (एमआई) के विरुद्ध खेला, जिसे 6 विकेट से गंवाया। इसके बाद सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) के खिलाफ 65 रन से हार का सामना करना पड़ा। दूसरी ओर, पंजाब किंग्स ने गुजरात टाइटंस (जीटी) के खिलाफ अपना पहला मैच 3 विकेट से अपने नाम किया। इसके बाद चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के विरुद्ध 5 विकेट से जीत हासिल की।

पंजाब किंग्स की प्लेइंग इलेवन: प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), कूपर कोनोली, नेहल वढेरा, शशांक सिंह, मार्कस स्टोइनिस, मार्को जानसन, जेवियर बार्टलेट, विजयकुमार विशक, अर्शदीप सिंह और युजवेंद्र चहल।

कोलकाता नाइट राइडर्स की प्लेइंग इलेवन: फिन एलन, अजिंक्य रहाणे (कप्तान), कैमरून ग्रीन, अंगकृष रघुवंशी (विकेटकीपर), रोवमैन पॉवेल, रिंकू सिंह, रमनदीप सिंह, अनुकूल रॉय, नवदीप सैनी, वैभव अरोड़ा और कार्तिक त्यागी।