छतरपुर/खजुराहो, अशोक नामदेव। खजुराहो में रेलवे सुरक्षा बल ने एक बार फिर मानवीय संवेदना और त्वरित कार्रवाई का परिचय देते हुए करंट की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हुए एक अज्ञात विक्षिप्त युवक की जान बचाई है। RPF जवानों ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते युवक को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार, खजुराहो स्टेशन क्षेत्र में एक करीब 28-30 वर्षीय अज्ञात विक्षिप्त युवक अचानक करंट लगने के कारण गंभीर रूप से झुलस गया था। युवक की हालत अत्यंत नाजुक देख मौके पर मौजूद आरपीएफ की टीम ने बिना एक पल गंवाए तत्काल एक्शन लिया और आपातकालीन एम्बुलेंस सेवा 108 व 112 को सूचित किया। सूचना मिलते ही शाम करीब सवा छः बजे एम्बुलेंस तत्काल मौके पर पहुंची और आरपीएफ जवानों ने महज 5 मिनट के भीतर घायल युवक को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बमीठा रवाना किया।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बमीठा के ऑन-ड्यूटी डॉक्टर द्वारा युवक को प्राथमिक उपचार देने के बाद, उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए तुरंत जिला अस्पताल छतरपुर रेफर कर दिया गया। चूंकि घायल युवक मानसिक रूप से विक्षिप्त प्रतीत हो रहा है, इसलिए फिलहाल उसकी शिनाख्त नहीं हो पाई है। आरपीएफ प्रशासन द्वारा आसपास के क्षेत्रों और थानों में उसकी पहचान स्थापित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

