तिरुवनंतपुरम। वेस्टइंडीज ने सलामी जोड़ी के शानदार प्रदर्शन की बदौलत भारत के सामने वनडे सीरीज के पहले मैच में जीत के 296 रन का विशाल लक्ष्य रखा है। यह मुकाबला रविवार को ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जा रहा है।टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी वेस्टइंडीज ने 50 ओवरों में 7 विकेट खोकर 295 रन बनाए। टीम को सलामी जोड़ी ने दमदार शुरुआत दिलाई। जॉन कैंपबेल ने जस्टिन ग्रीव्स के साथ पहले विकेट के लिए 19.2 ओवरों में 135 रन की साझेदारी की। जॉन 60 गेंदों में 3 छक्कों और 6 चौकों के साथ 62 रन बनाकर आउट हुए।

इसके बाद, ग्रीव्स ने कीसी कार्टी के साथ दूसरे विकेट के लिए 65 गेंदों में 41 रन जोड़े। कीसी टीम के खाते में 13 रन का योगदान देकर आउट हुए, जिसके बाद मेहमान टीम ने तेजी से विकेट गंवा दिए। आलम ये रहा कि 198 के स्कोर तक वेस्टइंडीज के 5 विकेट गिर गए थे। इस दौरान 36वें ओवर की लगातार दो गेंदों पर कुलदीप यादव ने जस्टिन ग्रीव्स और ज्वेल एंड्रयू (0) को पवेलियन भेज दिया। ग्रीव्स ने 108 गेंदों में 12 चौकों के साथ 101 रन बनाए।

यहां से आमिर जंगू ने मोर्चा संभाला। उन्होंने रोस्टन चेज के साथ छठे विकेट के लिए 52 रन जोड़े। चेज टीम के खाते में 24 रन जुटाकर आउट हुए, जिसके बाद जंगू ने मैथ्यू फोर्ड (7) के साथ सातवें विकेट के लिए 38 रन जोड़कर टीम को विशाल स्कोर तक पहुंचा दिया। जंगू 43 गेंदों में 8 बाउंड्री के साथ 58 रन बनाकर नाबाद रहे।

भारत की तरफ से कुलदीप यादव ने 10 ओवरों में 40 रन देकर 4 विकेट हासिल किए, जबकि प्रसिद्ध कृष्णा ने 2 विकेट निकाले। इनके अलावा, नितीश रेड्डी को 1 विकेट हाथ लगा।

शुभमन गिल की कप्तानी में भारतीय टीम रोहित शर्मा, विराट कोहली, ऋतुराज गायकवाड़, केएल राहुल (विकेटकीपर), नमन धीर, रवींद्र जडेजा, नीतीश कुमार रेड्डी, गुरनूर बरार, कुलदीप यादव और प्रसिद्ध कृष्णा के साथ इस मैच में उतरी है।

वहीं, वेस्टइंडीज की प्लेइंग इलेवन में जॉन कैंपबेल, जस्टिन ग्रीव्स, कीसी कार्टी, शाई होप (कप्तान, विकेटकीपर), आमिर जंगू, ज्वेल एंड्रयू, रोस्टन चेस, मैथ्यू फोर्ड, गुडाकेश मोती, अल्जारी जोसेफ और जायडेन सील्स शामिल हैं।