लवकुशनगर, जावेदन खान। जिले के लवकुशनगर थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक-1 निवासी सुरेंद्र सिंह ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर अपनी पत्नी रागनी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराते हुए न्याय की गुहार लगाई है। सुरेंद्र सिंह का आरोप है कि उनकी पत्नी लगातार उन्हें प्रताड़ित कर रही है, जिससे उन्हें अपनी जान का खतरा महसूस हो रहा है।
पीड़ित पति का कहना है कि उनकी पत्नी ने उन पर गर्म पानी फेंका तथा घर के गेट में डंडे से तोड़फोड़ की। उन्होंने आरोप लगाया कि पत्नी द्वारा उनके खिलाफ लगातार झूठी शिकायतें की जा रही हैं और उन्हें विभिन्न मामलों में फंसाने का प्रयास किया जा रहा है। सुरेंद्र सिंह ने बताया कि पूर्व में दर्ज दहेज प्रताड़ना का मामला न्यायालय द्वारा खारिज किया जा चुका है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर न्याय दिलाने की मांग की है।
वहीं, इससे पहले पत्नी रागनी भी पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर अपने पति पर मारपीट और आग लगाने जैसी गंभीर घटनाओं का आरोप लगा चुकी हैं। दोनों पक्ष एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगा रहे हैं, जिससे मामला और उलझता नजर आ रहा है। फिलहाल पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद तथ्यों के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी। घरेलू विवाद के इस मामले में आरोपों की सत्यता जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

