छतरपुर, विनोद मिश्रा। नगर के वार्ड क्रमांक 11 में एक युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान सतीश कुशवाहा (36) पिता रामभरोसे कुशवाहा के रूप में हुई है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सतीश कुशवाहा दोपहर करीब 12:30 बजे शराब के नशे में घर पहुंचा था। इस बात को लेकर उसकी पत्नी ने उसे डांट-फटकार लगाई। बताया जा रहा है कि इसके कुछ समय बाद वह अपने कच्चे मकान की अटारी पर चला गया, जहां उसने फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
परिजनों ने बताया कि घर में रखे एक ड्रम से आवाज आने पर उन्हें कुछ अनहोनी की आशंका हुई। जब वे अटारी पर पहुंचे तो सतीश फांसी के फंदे पर लटका हुआ मिला। आनन-फानन में उसे नीचे उतारकर उपचार के लिए निजी मिशन अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए आत्महत्या के कारणों की विस्तृत पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

