छतरपुर, शिवम सोनी। जिला चिकित्सालय छतरपुर के स्टाफ पर एक मृतक के पास रखे नकदी और मोबाइल को गायब करने के गंभीर आरोप लगे हैं, जिसे लेकर उत्तर प्रदेश के महोबा जिला अंतर्गत ग्राम कोटरा निवासी पीडि़त संदीप अहिरवार ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत की है।

शिकायत के अनुसार, पीडि़त के पिता रामकुमार अहिरवार का 29 जून 2026 को अलीपुरा के पास नेशनल हाईवे पर एक्सीडेंट हो गया था, जिसके बाद उन्हें गंभीर हालत में जिला अस्पताल छतरपुर में भर्ती कराया गया था। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल स्टाफ की लापरवाही और समय पर सूचना व इलाज न मिलने के कारण उनके पिता की जान चली गई। यही नहीं, उनके पिता के पास मौजूद 25,000 रुपये नकद और मोबाइल को अस्पताल व मर्चुरी स्टाफ ने कथित तौर पर छिपा लिया। बाद में मीडिया के सामने विरोध जताने पर स्टाफ ने मोबाइल और मात्र 1,500 रुपये ही वापस किए। पीडि़त ने अस्पताल के लापरवाह कर्मचारियों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई करने और शेष 23,500 रुपये वापस दिलाने की मांग की है।