मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी में भारतीय जनता पार्टी की 'प्रगति पथ यात्रा' के दौरान भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव दुष्यंत कुमार गौतम ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्षों के कार्यकाल को ऐतिहासिक बताते हुए केंद्र सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख किया। इस दौरान उन्होंने हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार और मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर भी निशाना साधा और राज्य में विकास कार्यों की गति पर सवाल उठाए।

दुष्यंत कुमार गौतम ने कहा कि वर्तमान में हिमाचल प्रदेश में "सिंगल-इंजन" सरकार चल रही है, जिसका असर विकास कार्यों पर स्पष्ट रूप से दिखाई देता है। उन्होंने कहा कि वह पिछले छह वर्षों से उत्तराखंड के प्रभारी रहे हैं और उत्तराखंड तथा हिमाचल प्रदेश की भौगोलिक परिस्थितियों में कोई विशेष अंतर नहीं है, लेकिन विकास के स्तर पर दोनों राज्यों के बीच बड़ा अंतर दिखाई देता है। उन्होंने कहा कि दोनों राज्यों में प्राकृतिक आपदाएं आती हैं, लेकिन उत्तराखंड में सरकार और मुख्यमंत्री लगातार राहत एवं बचाव कार्यों में जुटे रहते हैं, जबकि हिमाचल में लोगों को अव्यवस्था के कारण परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता भी वर्तमान सरकार के कामकाज से संतुष्ट नहीं है और इसका संकेत हाल के नगर निगम चुनावों के परिणामों में देखने को मिला है। गौतम ने कहा कि जनता बदलाव चाहती है और सरकार के प्रति असंतोष लगातार बढ़ रहा है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्ष भारत के इतिहास में परिवर्तनकारी और ऐतिहासिक रहे हैं। उन्होंने कहा कि मंडी दौरे के दौरान उन्होंने विभिन्न विकास परियोजनाओं और सुरंगों का निरीक्षण किया। इन परियोजनाओं के कारण मंडी बाइपास का निर्माण संभव हुआ है, जिससे स्थानीय लोगों को राहत मिली है और यात्रियों का सफर आसान हुआ है। उन्होंने बताया कि पहले जहां यात्रा में लगभग छह घंटे लगते थे, अब वही दूरी करीब तीन घंटे में पूरी हो रही है। उनके अनुसार यह केवल सड़क निर्माण नहीं, बल्कि समग्र विकास का उदाहरण है।

गौतम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सार्वजनिक जीवन पूरी तरह राष्ट्रसेवा को समर्पित रहा है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्र भारत के इतिहास में मोदी सबसे लंबे समय तक लगातार निर्वाचित पद पर रहने वाले नेताओं में शामिल हैं। उन्होंने 13 वर्ष गुजरात के मुख्यमंत्री और 12 वर्ष देश के प्रधानमंत्री के रूप में सेवा दी है। गौतम ने कहा कि मोदी प्रतिदिन 18 से 20 घंटे तक काम करते हैं और उन्होंने कभी अवकाश नहीं लिया। यहां तक कि दीपावली और होली जैसे त्योहार भी उन्होंने अक्सर देश की सीमाओं पर तैनात सैनिकों के साथ मनाए हैं।

उन्होंने केंद्र सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि देशभर में एम्स संस्थानों का विस्तार किया गया, हवाई संपर्क को मजबूत किया गया, नए हवाई अड्डों का निर्माण हुआ और मेडिकल शिक्षा में सीटों की संख्या बढ़ाई गई। उन्होंने कहा कि भारत ने वैश्विक स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बनाई है और तिरंगे का सम्मान पूरी दुनिया में बढ़ा है।

गौतम ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने 'वसुधैव कुटुंबकम' की भावना को वैश्विक मंच पर स्थापित किया है। उन्होंने कहा कि "एक पृथ्वी, एक परिवार और एक भविष्य" का संदेश आज पूरी दुनिया में स्वीकार किया जा रहा है। यही कारण है कि विश्व के अनेक देश भारत और प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व की ओर देख रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश को ऐसा नेतृत्व मिला है, जिस पर हर भारतीय को गर्व है।