दमोह/हटा, जिमी नगरिया। दमोह जिले के हटा थाना क्षेत्र में रविवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 33 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हटा-दमोह स्टेट मार्ग पर लुहारी गांव के पास भवन निर्माण सामग्री से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में ट्रॉली में सवार कुआंखेड़ा महदेले निवासी लालसिंह पिता अर्जुन सिंह निर्माण सामग्री के नीचे दब गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।


जानकारी के अनुसार ट्रैक्टर-ट्रॉली हटा से भवन निर्माण सामग्री लेकर कुआंखेड़ा महदेले गांव जा रही थी। रविवार रात करीब 8 से 9 बजे के बीच लुहारी गांव के पास निर्माणाधीन सड़क पर ट्रॉली अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रॉली पलटते ही उसमें लदी निर्माण सामग्री लालसिंह के ऊपर गिर गई, जिससे उन्हें संभलने का मौका नहीं मिला और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।


घटना की सूचना मिलते ही हटा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल हटा भेजा। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।


प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटनास्थल पर निर्माणाधीन सीसी सड़क होने के कारण ट्रॉली सड़क से नीचे उतर गई, जिससे संतुलन बिगड़ने पर यह हादसा हुआ। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।


इधर, मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि ट्रैक्टर चालक शराब के नशे में था और तेज रफ्तार से वाहन चला रहा था, जिसके कारण यह हादसा हुआ। परिजनों ने आरोपी चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर चालक की तलाश शुरू कर दी है। साथ ही मृतक के भाई का बयान भी दर्ज कर हादसे के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।