हाजीपुर। बिहार के हाजीपुर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की भारी भीड़ देखने को मिली, जहां कई लोग ट्रेन के दरवाजों और फुटबोर्ड पर बैठकर सफर करते नजर आए। भीड़ इतनी अधिक थी कि यात्रियों को ट्रेन के अंदर खड़े होने तक की जगह नहीं मिल रही थी। ऐसे में कई लोगों ने रेलवे व्यवस्था और सुविधाओं को लेकर अपनी नाराजगी भी जाहिर की।
अंबाला जाने वाले यात्री दशरथ मंडल ने अपनी परेशानी बताते हुए आईएएनएस से कहा कि उन्हें ट्रेन में सीट तक नहीं मिली। मजबूरी में उन्हें गेट पर बैठकर यात्रा करनी पड़ रही है।
उन्होंने कहा, "हम इसी तरह सफर करके आ रहे हैं। सीट नहीं मिली, इसलिए गेट पर बैठकर जा रहे हैं। यहां से अंबाला जाना है। हम मजदूर आदमी हैं, मजबूरी में ऐसे ही जाना पड़ता है। अंबाला में किसान के यहां काम करते हैं।"
दशरथ मंडल जैसे कई मजदूर और कामकाजी लोग बेहतर रोजगार की तलाश में दूसरे राज्यों की ओर जा रहे हैं, लेकिन ट्रेनों में अत्यधिक भीड़ उनके सफर को जोखिम भरा बना रही है।
एक अन्य यात्री मोहम्मद अमताभ ने भी रेलवे व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा, "इतनी भीड़ है, लेकिन सरकार को यह परेशानी दिखाई नहीं दे रही है। ट्रेन के अंदर खड़े होने तक की जगह नहीं है। यात्रियों के लिए कोई सुविधा नहीं है।"
वहीं एक अन्य यात्री ने भी चिंता जताते हुए कहा कि जिस स्टेशन से ट्रेन खुलती है, वहां से ही यात्रियों की संख्या और भीड़ का आकलन किया जा सकता है। उन्होंने सरकार और रेलवे प्रशासन से इस समस्या पर गंभीरता से ध्यान देने की मांग की।
हाजीपुर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों का कहना है कि भीड़ को देखते हुए अतिरिक्त कोच या विशेष ट्रेनों की व्यवस्था की जानी चाहिए, ताकि लोगों को सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा मिल सके।

