पन्ना/गुनौर, जीतेन्द्र रजक । मध्य प्रदेश भोज (मुक्त) विश्वविद्यालय द्वारा पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के उद्देश्य से पन्ना जिले के गुनौर स्थित सुंगरहा महाविद्यालय परिसर में भव्य पौधारोपण अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के अधिकारियों, अध्ययन केंद्र के प्रतिनिधियों, विद्यार्थियों और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए बड़ी संख्या में छायादार एवं फलदार पौधे रोपे।


कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि पौधारोपण केवल एक औपचारिकता नहीं, बल्कि आने वाली पीढिय़ों को स्वच्छ, सुरक्षित और संतुलित पर्यावरण देने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों से पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया। उपस्थित लोगों ने पौधों को संरक्षित रखने और पर्यावरण संरक्षण के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प भी लिया।


मध्यप्रदेश भोज (मुक्त) विश्वविद्यालय द्वारा चलाया गया यह अभियान पर्यावरण के प्रति उसकी सामाजिक जिम्मेदारी और जनजागरूकता का परिचायक है। विश्वविद्यालय शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक एवं पर्यावरणीय सरोकारों से जुड़े कार्यक्रमों का नियमित रूप से आयोजन करता रहा है, जिससे विद्यार्थियों और समाज में पर्यावरण संरक्षण के प्रति सकारात्मक संदेश पहुंच रहा है।


इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्य पान कुंवर लोधी, इनू सिंह, लखन लाल साहू, मनीष खरे, पूरन सिंह, विपिन तिवारी, सिद्धार्थ लखेरा, मोनू तिवारी, बहारी लाल, नंदलाल सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।