छतरपुर। कुड़नताल क्षेत्र में भक्तिभाव और उल्लास का माहौल बनने जा रहा है। 2 अप्रैल को यहां श्री हनुमान जन्मोत्सव बड़े धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया जाएगा। इस पावन अवसर पर मंदिर परिसर में विशेष पूजन-अर्चन, भजन-कीर्तन और प्रसाद वितरण का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।


इसके साथ ही धार्मिक संस्कृति को जीवंत करने के उद्देश्य से श्रीधाम वृंदावन की प्रसिद्ध रामलीला का मंचन भी शुरू हुआ है। यह रामलीला 7 अप्रैल तक चलेगी, जिसमें भगवान श्रीराम के जीवन प्रसंगों को सुंदर ढंग से प्रस्तुत किया जाएगा।


रामलीला का आयोजन महंत श्याम सुंदर के नेतृत्व में किया जाएगा। प्रतिदिन शाम 6 बजे से रात 11 बजे तक लीला का मंचन होगा, जहां कलाकारों द्वारा जीवंत अभिनय से दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया जाएगा। वहीं दिन के समय मेले का आयोजन भी किया जा रहा है, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल बना रहेगा।


मंदिर के पुजारी पप्पू महाराज ने जानकारी देते हुए बताया कि इस आयोजन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। उन्होंने सभी भक्तों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस धार्मिक आयोजन का लाभ उठाएं और पुण्य के भागी बनें।