कटनी,प्रवीण तिवारी। जैन धर्म के 24वें तीर्थंकर भगवान महावीर स्वामी की जयंती स्लीमनाबाद में बड़े ही हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाई गई। प्रातःकाल से ही मंदिरों में धार्मिक कार्यक्रमों की शुरुआत हो गई, जहां भगवान महावीर जी का अभिषेक कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। इस अवसर पर मंदिरों को आकर्षक ढंग से सजाया गया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
शाम करीब चार बजे भगवान महावीर स्वामी की भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें भगवान की सुसज्जित पालकी आकर्षण का केंद्र रही। शोभायात्रा का नगर के विभिन्न स्थानों पर पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। यात्रा में जैन समाज के महिला, पुरुष और बच्चे बड़ी संख्या में शामिल हुए।
शोभायात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने “जीयो और जीने दो” का संदेश देते हुए प्रसाद वितरण किया और भगवान महावीर के सिद्धांतों का प्रचार-प्रसार किया। यात्रा पूरे गांव का भ्रमण करते हुए विभिन्न स्थानों पर रुकी, जहां भगवान की पालकी का विधिवत स्वागत किया गया।
इस दौरान महावीर स्वामी के आदर्शों और उपदेशों का वाचन भी किया गया, जिससे लोगों को अहिंसा, सत्य और करुणा का संदेश मिला। पूरे आयोजन में धार्मिक उत्साह और सामाजिक एकता की सुंदर झलक देखने को मिली।

