मंदसौर, ललित शंकर धाकड़ । शहर के एक स्पा सेंटर में कार्यरत युवती ने रविवार को बीच सड़क पर जमकर हंगामा कर दिया। युवती ने स्पा सेंटर संचालक पर समय पर वेतन नहीं देने और गलत काम करने का दबाव बनाने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। घटना के दौरान मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।


जानकारी के अनुसार आगरा निवासी युवती मंदसौर के एक स्पा सेंटर में कार्यरत है। युवती का आरोप है कि स्पा संचालक द्वारा उसे समय पर भुगतान नहीं किया जाता और उस पर अनुचित कार्य करने का दबाव बनाया जाता है। इसी बात को लेकर उसने सड़क पर विरोध जताते हुए हंगामा किया।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवती के शराब के नशे में होने की भी चर्चा रही। सड़क पर हुए इस हाई-वोल्टेज ड्रामे को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए, जिससे कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। घटना की सूचना मिलने पर शहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और युवती को अपने साथ थाने ले गई। पुलिस ने युवती की शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि युवती द्वारा लगाए गए आरोपों की गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।