मंदसौर, ललित शंकर धाकड़। जिले के मल्हारगढ़ अंतर्गत नापाखेड़ा चौपाटी पर शासकीय भूमि पर किए गए अवैध निर्माणों के खिलाफ प्रशासन का पीला पंजा जोरदार तरीके से गरजा। प्रशासन एवं पुलिस की संयुक्त टीम ने तड़के मौके पर पहुंचकर 5 बुलडोजरों की मदद से 10 पक्की दुकानों के अवैध बाहरी हिस्से और अतिक्रमण को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, इस मुहिम के तहत करीब 60 लाख रुपये मूल्य की शासकीय भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त कराया गया है। बताया जा रहा है कि संबंधित अतिक्रमणकर्ता ने चौपाटी पर पहले से बने सार्वजनिक शौचालय को तोड़कर उस जगह पर अवैध रूप से पक्की दुकानों का निर्माण कर लिया था, जिसकी शिकायत मिलने के बाद यह सख्त कदम उठाया गया।

कार्रवाई के दौरान उस समय हड़कंप मच गया जब मौके पर मौजूद अतिक्रमणकर्ता ने प्रशासन की इस मुहिम का विरोध करते हुए जहरखुरानी (विषाक्त पदार्थ सेवन) का प्रयास किया। स्थिति को भांपते हुए मौके पर तैनात पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने तत्परता दिखाते हुए उसे तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है और हालत पर नजर रखी जा रही है। मल्हारगढ़ एसडीएम स्वाति तिवारी ने बताया कि शासकीय संपत्तियों और सार्वजनिक सुविधाओं पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा; चिन्हित अतिक्रमण को नियम सम्मत प्रक्रिया के तहत जमींदोज कर सरकारी जमीन को सुरक्षित कर लिया गया है।