भोपाल। भारतीय जनता पार्टी मध्य प्रदेश संगठन में मीडिया विभाग को नया नेतृत्व मिल गया है। संगठन ने वरिष्ठ नेता बृजगोपाल लोया को प्रदेश मीडिया प्रभारी नियुक्त किया है। वे पूर्व मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल का स्थान लेंगे। आशीष अग्रवाल को केंद्रीय संगठन में अहम जिम्मेदारी मिलने के बाद से यह पद रिक्त था, जिस पर अब पार्टी नेतृत्व ने संगठन के अनुभवी और मुखर चेहरे बृजगोपाल लोया पर भरोसा जताया है।
बृजगोपाल लोया लंबे समय से भाजपा के मीडिया और संवाद तंत्र से जुड़े रहे हैं। वे आशीष अग्रवाल की टीम में प्रदेश सह मीडिया प्रभारी की भूमिका निभा चुके हैं और प्रदेश प्रवक्ता के रूप में भी विभिन्न मंचों पर पार्टी का पक्ष मजबूती से रखते रहे हैं। मीडिया जगत से बेहतर समन्वय और संगठन की विचारधारा को आक्रामक रूप से प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता को देखते हुए प्रदेश नेतृत्व ने उन्हें यह महत्वपूर्ण प्रभार सौंपा है। आगामी समय में प्रदेश सरकार की नीतियों, जनकल्याणकारी योजनाओं और संगठनात्मक गतिविधियों को मीडिया के माध्यम से जनता तक पहुंचाने की मुख्य जिम्मेदारी अब उनके कंधों पर होगी। नियुक्ति की घोषणा के साथ ही पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उन्हें बधाई दी है।














