भोपाल | प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा ईंधन की बचत और संसाधनों के सदुपयोग को लेकर की गई अपील का असर अब मध्यप्रदेश में भी दिखने लगा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने एक अनुकरणीय पहल करते हुए अपने काफिले में शामिल वाहनों की संख्या में बड़ी कटौती की है। बुधवार, 13 मई से मुख्यमंत्री के काफिले में से पांच वाहनों को हटा दिया गया है।


अब मुख्यमंत्री के मूवमेंट के दौरान उनके साथ केवल सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े आवश्यक वाहन ही चलेंगे। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री ने एक दिन पहले ही सोशल मीडिया के माध्यम से अपने काफिले को छोटा करने के स्पष्ट निर्देश जारी किए थे। इस निर्णय का उद्देश्य न केवल ईंधन की बचत करना है, बल्कि आम जनता को होने वाली असुविधा को कम करना और सादगी का संदेश देना भी है।


प्रशासनिक स्तर पर इस आदेश को तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। मुख्यमंत्री के इस कदम की राजनीतिक गलियारों और आम जनता के बीच जमकर सराहना हो रही है। माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री की इस पहल के बाद प्रदेश के अन्य वीआईपी और मंत्रियों के काफिलों में भी इसी तरह की कटौती देखने को मिल सकती है।