दमोह, राजेन्द्र तिवारी। जिले के बटियागढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत नीमन तिराहे पर एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। यहाँ सड़क पर बैठे मवेशियों को एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने कुचल दिया। हादसे में चार मवेशियों की मौके पर ही मौत हो गई।
सड़क पर मवेशियों के क्षत-विक्षत शव पड़े देखकर स्थानीय ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। घटना से नाराज लोगों ने नीमन तिराहे पर एकत्र होकर चक्काजाम कर दिया। ग्रामीणों के इस अचानक प्रदर्शन के कारण दमोह-छतरपुर स्टेट हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। घटना की सूचना मिलते ही बटियागढ़ थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची और स्थिति को संभालने के प्रयास शुरू किए।
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों का आरोप है कि शासन-प्रशासन आवारा मवेशियों की सुरक्षा और रखरखाव को लेकर पूरी तरह उदासीन बना हुआ है। इलाके में आए दिन इस तरह के सड़क हादसे हो रहे हैं, जिनमें न केवल बेजुबान मवेशी अपनी जान गंवा रहे हैं, बल्कि राहगीर और वाहन चालक भी हादसों का शिकार होकर गंभीर रूप से घायल हो रहे हैं।
ग्रामीणों ने आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि क्षेत्र में गौशालाएं बनी होने के बावजूद गोवंश के लिए कोई पुख्ता इंतजाम नहीं किए जा रहे हैं और न ही उनकी सही ढंग से निगरानी व्यवस्था की जा रही है। प्रशासन की इस लापरवाही के कारण आवारा मवेशी सड़कों पर बैठने को मजबूर हैं, जिससे आए दिन हादसों का खतरा बना रहता है।




