भोपाल,जीतेन्द्र यादव। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मध्य प्रदेश विधानसभा पहुंचकर पूर्व विधानसभा अध्यक्ष स्व. यज्ञदत्त शर्मा की जन्म जयंती पर आयोजित पुष्पांजलि कार्यक्रम में शामिल होकर श्रद्धांजलि अर्पित की।


विधानसभा में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर और स्व. यज्ञदत्त शर्मा के परिजन भी मौजूद रहे।


मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि आज पूर्व विधानसभा अध्यक्ष स्व. यज्ञदत्त शर्मा जी की जन्म जयंती है। उन्होंने बताया कि स्व. यज्ञदत्त शर्मा तीन बार विधानसभा अध्यक्ष पद पर रहे और उनका कार्यकाल अत्यंत सफल रहा। इंदौर के रहने वाले शर्मा जी की कार्यशैली से हम सभी प्रभावित रहे। उनके समय में ही विधानसभा में ज्यूडिशियरी से पीएस (प्रिंसिपल सेक्रेटरी) लाने की परंपरा प्रारंभ हुई थी।


सीएम डॉ. यादव ने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर जी ने इस परंपरा को शुरू करवाया है कि विधानसभा अध्यक्ष, मुख्यमंत्री सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों की जन्म जयंती पर हम उनका स्मरण करें और पुष्पांजलि अर्पित करें।


विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि हम सभी पूर्व विधानसभा अध्यक्ष स्व. यज्ञदत्त शर्मा जी को स्मरण करने के लिए यहां एकत्रित हुए हैं। सभी विधायकों की ओर से उनकी जन्म जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। उनका जीवन अनेक उपलब्धियों से भरा रहा। वे पेशे से वकील थे और उनकी वकालत भी बहुत अच्छी मानी जाती थी। उन्होंने इंदौर-4 से विधायक के रूप में चुनाव जीता और बाद में विधानसभा अध्यक्ष पद संभाला, जहां उन्होंने कई उपलब्धियां हासिल कीं।


स्व. यज्ञदत्त शर्मा मध्य प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष पद पर तीन बार निर्वाचित हुए थे और उन्होंने विधानसभा की गरिमा और परंपराओं को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम में सभी ने स्व. शर्मा को पुष्पांजलि अर्पित कर अपनी श्रद्धांजलि व्यक्त की।