जतारा, सोनू विश्वकर्मा। टीकमगढ़ जिले के जतारा थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई लूट की वारदात ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। करमौरा निवासी आशीष यादव दोपहर करीब 3 बजे एटीएम से 37,500 रुपये निकालकर अपने गांव लौट रहा था। इसी दौरान जतारा पॉलिटेक्निक कॉलेज के पास भाजपा का झंडा लगी काले रंग की स्कॉर्पियो में सवार तीन बदमाशों ने उसका रास्ता रोक लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बदमाशों ने युवक से पहले पूछा कि "पैसे कहां हैं?" और इसके बाद चाकुओं से उस पर हमला कर दिया। हमले में आशीष यादव घायल हो गया। बदमाश उसके पास रखे 37,500 रुपये लूटकर स्कॉर्पियो से मौके से फरार हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है।
दिनदहाड़े हुई इस वारदात से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है और स्कॉर्पियो सवार आरोपियों की तलाश की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। फरार बदमाशों की पहचान के प्रयास जारी हैं और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया गया है। वहीं, इस घटना के बाद क्षेत्रीय लोगों ने पुलिस गश्त बढ़ाने और अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।




