भोपाल, जीतेन्द्र यादव। मंत्रालय में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का सरकारी कर्मचारियों ने भव्य स्वागत और सम्मान किया। इस दौरान कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री पर पुष्पवर्षा की, ढोल-नगाड़ों की धुन पर उनका अभिनंदन किया और लंबे समय से लंबित कर्मचारी हितों से जुड़े निर्णयों के लिए आभार व्यक्त किया।
कर्मचारियों ने विशेष रूप से वर्षों से रुकी हुई पदोन्नति सहित कर्मचारी हित में लिए जा रहे फैसलों की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री के प्रति अपना धन्यवाद प्रकट किया। मंत्रालय परिसर में उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला, जहां बड़ी संख्या में कर्मचारी स्वागत कार्यक्रम में शामिल हुए।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि सरकारी कर्मचारी शासन-प्रशासन की "रीढ़ की हड्डी" हैं। उन्होंने कहा कि सरकार कर्मचारियों के हितों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए लगातार सकारात्मक निर्णय लिए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि कर्मचारियों के कल्याण और बेहतर कार्य वातावरण के लिए सरकार आगे भी आवश्यक कदम उठाती रहेगी।




