छतरपुर, शिवम सोनी। कोतवाली थाना क्षेत्र के टोरिया मोहल्ले में सूने घर का ताला तोड़कर लाखों रुपये के जेवरात और नकदी चोरी होने का मामला सामने आया है। पीड़ित नीरज चौरसिया ने कोतवाली पुलिस को शिकायत देकर बगल के कमरे में किराए से रहने वाले असलम खान पर चोरी का संदेह जताया है।
जानकारी के अनुसार, नीरज चौरसिया 18 सितंबर को अपने चाचा के निधन के चलते परिवार सहित गांव गए थे। 19 सितंबर को वापस लौटने पर घर के ताले टूटे मिले। अंदर जाकर देखा तो सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। अलमारी में रखे दो मंगलसूत्र, हार, चांदी की पायल और करीब 40 हजार रुपये नकद गायब मिले।
पीड़ित के मुताबिक चोरी गए जेवरात और नकदी की कुल कीमत करीब 3 लाख रुपये है। घटना की सूचना कोतवाली पुलिस को देकर असलम खान के खिलाफ शिकायत की गई है। पीड़ित का आरोप है कि शिकायत वापस लेने के लिए उस पर दबाव बनाया जा रहा है तथा जान से मारने की धमकी भी दी जा रही है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।




