छतरपुर, संजय अवस्थी। महाराजपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम मनकारी में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ एक पीडि़त महिला ने अपने दिवंगत पति के हत्यारोपियों के परिजनों पर पैतृक ज़मीन हड़पने और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। इस संबंध में आवेदिका कपूरी देवी पत्नी स्वर्गीय राकेश पटेल ने मंगलवार को जनसुनवाई में कलेक्टर कार्यालय पहुँचकर न्याय की गुहार लगाई और एक शिकायती आवेदन पत्र सौंपा।


कलेक्टर को सौंपे गए आवेदन में पीडि़ता ने बताया कि ग्राम मनकारी में उनकी पैतृक व आधिपत्य की भूमि है, जिस पर वे लंबे समय से खेती करती आ रही हैं। आरोप है कि पूर्व में उनके पति राकेश पटेल की हत्या कर दी गई थी, जिसके बाद से पूरा परिवार गहरे सदमे और डर के साए में जी रहा है।


पीडि़ता का आरोप है कि विगत दो-तीन दिन पूर्व, कथित तौर पर मूल आरोपियों की पत्नियां और बच्चे रोहित पटेल, राहुल पटेल, श्रीमती मन्नू पटेल, रेखा पटेल, गौरीबाई एवं गोमती पटेल निवासी मनकारी लाठी-डंडों के साथ खेत पर पहुँचे और जबरन ज़मीन जोतकर कब्ज़ा करने का प्रयास करने लगे। विरोध करने पर अनावेदकों ने धमकी देते हुए कहा कि अभी तो तुम्हारे पति की हत्या की थी, अगर यह ज़मीन छोड़कर नहीं गए तो तुम्हें भी जान से मारकर इसी ज़मीन में दफना देंगे। इस घटना के बाद से पीडि़ता और उसके बच्चे अत्यधिक डरे और मानसिक रूप से प्रताडि़त हैं।


पीडि़ता ने प्रशासन से मांग की है कि उनकी स्वामित्व वाली भूमि पर जबरन कब्ज़ा करने की कोशिश को तुरंत रोका जाए और धमकी देने वाले नामजद आरोपियों के खिलाफ सख्त आपराधिक मामला दर्ज कर परिवार को सुरक्षा प्रदान की जाए।