भोपाल। मध्य प्रदेश में हवाई संपर्क (Air Connectivity) को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए केंद्र और राज्य सरकार ने एक बड़ा फैसला लिया है। प्रदेश में प्रस्तावित 10 एयरस्ट्रिप्स में से पहले चरण के तहत 5 को पूर्ण विकसित एयरपोर्ट के रूप में तैयार किया जाएगा। इसमें सबसे पहले राजधानी भोपाल से सबसे दूरस्थ नगर निगम क्षेत्र सिंगरौली में एयरपोर्ट का निर्माण शुरू किया जाएगा। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजारापु राममोहन नायडू ने रविवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ मुख्यमंत्री निवास स्थित 'समत्व भवन' में आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में यह घोषणा की। केंद्र सरकार ने इसके साथ ही उज्जैन और शिवपुरी में निर्माणाधीन एयरपोर्ट के काम में तेजी लाने के स्पष्ट निर्देश दिए हैं।


उड़ान योजना के तहत सिंगरौली, सागर, छिंदवाड़ा सहित 10 स्थल प्रस्तावित

बैठक में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बताया कि प्रदेश में वर्तमान में 8 एयरपोर्ट क्रियाशील हैं, जबकि उज्जैन और शिवपुरी में नए एयरपोर्ट का निर्माण कार्य प्रगति पर है। राज्य सरकार ने हवाई सेवाओं का दायरा बढ़ाने के लिए सिंगरौली, सागर, नीमच, छिंदवाड़ा, मंडला, खंडवा, रतलाम, मंदसौर, उमरिया और शहडोल की एयरस्ट्रिप्स को एयरपोर्ट के रूप में विकसित करने का विस्तृत प्रस्ताव तैयार किया है। केंद्रीय मंत्री नायडू ने जानकारी दी कि केंद्र सरकार की 'उड़ान योजना' की अवधि को अगले 10 वर्षों के लिए बढ़ाकर वर्ष 2036 तक कर दिया गया है। इस योजना के तहत देश भर में 100 नए एयरपोर्ट बनाने का लक्ष्य रखा गया है। मध्य प्रदेश की प्रस्तावित एयरस्ट्रिप्स का विकास भी इसी योजना के अंतर्गत चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा।


सिंहस्थ-2028 को ध्यान में रखते हुए उज्जैन एयरपोर्ट को प्राथमिकता

बैठक के दौरान उज्जैन और शिवपुरी में बन रहे एयरपोर्ट्स की प्रगति की बिंदुवार समीक्षा की गई। केंद्रीय मंत्री ने एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) और राज्य के विमानन विभाग को समन्वय बनाकर काम करने के निर्देश दिए। वर्ष 2028 में आयोजित होने वाले भव्य 'सिंहस्थ कुंभ' को दृष्टिगत रखते हुए उज्जैन एयरपोर्ट के लिए सभी आवश्यक पर्यावरणीय मंजूरियां (Environmental Clearances) 10 अक्टूबर 2026 तक हर हाल में हासिल करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं शिवपुरी में ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट के निर्माण हेतु नई उपयुक्त भूमि (साइट) की तलाश जल्द पूरी करने को कहा गया है।


6 महीने में 50 हजार से अधिक यात्रियों ने की हवाई यात्रा

विमानन विभाग के अपर मुख्य सचिव संजय कुमार शुक्ल ने बताया कि बीते छह महीनों में मध्य प्रदेश में 50 हजार से अधिक यात्रियों ने हवाई सेवाओं का लाभ उठाया है। प्रदेश में वर्तमान में पीएम श्री वायु पर्यटन सेवा, पीएम श्री हेली पर्यटन सेवा और पीएम श्री एयर एम्बुलेंस सेवा का सफल संचालन किया जा रहा है। हाल ही में इंदौर से अबू धाबी के लिए सीधी अंतरराष्ट्रीय उड़ान भी शुरू की गई है।


पीएम श्री एयर एम्बुलेंस से बचीं 170 से अधिक गंभीर मरीजों की जानें

समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बताया कि राज्य में शुरू की गई 'पीएम श्री एयर एम्बुलेंस सेवा' के माध्यम से अब तक 170 से अधिक अति गंभीर मरीजों को देश के उच्च चिकित्सा संस्थानों तक पहुँचाया गया है। सरकार के प्रयासों से इनमें से 99 प्रतिशत मरीजों का जीवन बचाने में सफलता मिली है। आयुष्मान कार्डधारकों को यह आपातकालीन सेवा पूरी तरह निःशुल्क प्रदान की जा रही है। केंद्रीय मंत्री नायडू ने इस जीवनरक्षक पहल की भूरी-भूरी प्रशंसा करते हुए कहा कि मध्य प्रदेश ने एयर एम्बुलेंस सेवा के सफल संचालन के माध्यम से पूरे देश के सामने एक अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया है।