घुवारा (रूपेन्द्र पाल)। घरेलू रंजिश और नशे में हुई मारपीट एक मासूम की जिंदगी पर भारी पड़ गई।बड़ा मलहरा अनुभाग के थाना बमनौरा अंतर्गत चौकी रामटोरिया के ग्राम ढाड़ोरा में एक दर्दनाक घटना सामने आई,जहां शराब के नशे में धुत एक व्यक्ति की लाठी का वार अपने ही चार वर्षीय बेटे की मौत का कारण बन गया।


प्राप्त जानकारी के अनुसार लखन सिंह पिता शगुन सिंह ने घरेलू विवाद के दौरान नशे की हालत में मारपीट करते हुए लाठी से प्रहार कर दिया जिसकी चपेट में आकर यीशु ऑफ यशवंत (उम्र 4 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों द्वारा बच्चे को तत्काल इलाज के लिए सागर ले जाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे भोपाल रेफर कर दिया। भोपाल में उपचार के दौरान मासूम ने दम तोड़ दिया, जिससे पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही एसडीओपी बड़ा मलहरा रोहित अलावा के निर्देशन में थाना बमनौरा प्रभारी शिशिर तिवारी तथा रामटोरिया चौकी प्रभारी दौलत सिंह ने पुलिस टीम के साथ त्वरित कार्रवाई की। पुलिस ने गंभीरता से जांच करते हुए धारा 302 के आरोपी लखन सिंह को मात्र दो दिनों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई में आरक्षक गजराज सिंह,घोष एवं रवि यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।पुलिस द्वारा आरोपी को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया की जा रही है।