छतरपुर(संजय अवस्थी)। शहर के ऑडिटोरियम में रविवार को पेंशनर्स एसोसिएशन का भव्य संभागीय सम्मेलन आयोजित किया गया। इस सम्मेलन में सागर संभाग के विभिन्न जिलों से आए प्रांतीय और जिला स्तर के पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम के दौरान पेंशनभोगियों की ज्वलंत समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई और भविष्य की रणनीति तैयार की गई।
पेंशनर्स एसोसिएशन के प्रांतीय सचिव एवं जिलाध्यक्ष रामसेवक गोस्वामी ने बताया कि सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य पेंशनर्स की लंबित मांगों और उनके हितों की रक्षा करना है। चर्चा के दौरान सबसे प्रमुख मुद्दा मध्य प्रदेश पुनर्गठन अधिनियम की धारा 49 को समाप्त न किए जाने का रहा। पदाधिकारियों ने कहा कि इस धारा के कारण पेंशनर्स को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। सम्मेलन में वक्ताओं ने सरकार से मांग की कि धारा 49 को तत्काल प्रभाव से समाप्त किया जाए ताकि पेंशनर्स को उनका उचित लाभ मिल सके। साथ ही, पेंशनर्स की अन्य विभागीय समस्याओं के समाधान के लिए चरणबद्ध तरीके से आंदोलन और रणनीति बनाने पर सहमति बनी। इस अवसर पर संभाग भर से आए सैकड़ों पेंशनर्स ने अपनी एकजुटता प्रदर्शित की और अपने अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।

