छिंदवाड़ा,जीशान अंसारी। जिले के जुन्नारदेव थाना क्षेत्र अंतर्गत खापास्वामी गांव से एक बेहद दर्दनाक और हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां एक बीमार बुजुर्ग की पलंग में आग लगने से जिंदा जलकर मौत हो गई। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई, वहीं सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान 75 वर्षीय मदन डहरिया के रूप में हुई है, जो पिछले करीब पांच वर्षों से गंभीर बीमारी के चलते बिस्तर पर ही थे। बताया जा रहा है कि वे चलने-फिरने में असमर्थ थे और अधिकांश समय पलंग पर ही रहते थे।
परिजनों के मुताबिक घटना के समय घर में कोई मौजूद नहीं था। इसी दौरान अचानक पलंग में आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि बुजुर्ग खुद को बचा नहीं सके और देखते ही देखते आग की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गए। जब तक आसपास के लोग और परिजन मौके पर पहुंचे, तब तक बहुत देर हो चुकी थी और बुजुर्ग ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना की सूचना तत्काल जुन्नारदेव पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मर्ग कायम कर मामले को विवेचना में ले लिया है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर पलंग में आग किन कारणों से लगी। प्रारंभिक तौर पर यह आशंका जताई जा रही है कि आग किसी चिंगारी, बीड़ी-सिगरेट, दीये या अन्य घरेलू कारणों से लगी हो सकती है, हालांकि वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।

