इंदौर,रविकांत वर्मा। विजयनगर थाना क्षेत्र में 4 अप्रैल की देर रात हुई चाकूबाजी की घटना में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी सहित अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। घटना पुरानी रंजिश के चलते अंजाम दी गई थी, जिसमें एक युवक पर जानलेवा हमला किया गया।
जानकारी के अनुसार, 4 अप्रैल की रात करीब 1 बजे अनिल नगर में दोपहिया वाहनों पर सवार 4-5 बदमाशों ने एक व्यक्ति पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल अरविंदो अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना की सूचना मिलते ही विजयनगर थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। प्रारंभ में घायल युवक बयान देने की स्थिति में नहीं था, लेकिन ऑपरेशन के बाद होश में आने पर उसने वंश उर्फ चीकू का नाम बताया।
इसके बाद पुलिस ने मुखबिर तंत्र और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मुख्य आरोपी वंश उर्फ चीकू और उसके साथी विजय सोनगरा को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही घटना में शामिल दो नाबालिगों को भी अभिरक्षा में लिया गया है। पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी वारदात के बाद लसूड़िया क्षेत्र के मुक्तिधाम में छिपे हुए थे और अगले दिन बड़वाह भागने की तैयारी में थे, लेकिन पुलिस ने समय रहते उन्हें पकड़ लिया। फिलहाल सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जा रहा है और मामले की जांच जारी है।



