भोपाल, जीतेन्द्र यादव। दतिया विधानसभा उपचुनाव को लेकर कांग्रेस ने अपनी जीत का दावा करते हुए कार्यकर्ताओं और नेताओं की मेहनत पर पूरा भरोसा जताया है। कांग्रेस प्रवक्ता राहुल राज ने कहा कि पार्टी का संगठन पूरी मजबूती के साथ चुनाव मैदान में जुटा हुआ है और जनता बदलाव के पक्ष में मतदान करेगी।


उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह सहज, सरल और मिलनसार स्वभाव के हैं, इसलिए उन्हें क्षेत्र की जनता का व्यापक समर्थन मिल रहा है। कांग्रेस का मानना है कि मतदाता अराजकता नहीं चाहते और विकास व जनहित की राजनीति को प्राथमिकता देंगे।


राहुल राज ने बताया कि कांग्रेस की ओर से आज दतिया में एक बड़ी जनसभा आयोजित की जाएगी, जिसमें पार्टी के वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता शामिल होकर चुनाव प्रचार को गति देंगे। उन्होंने कहा कि मतदान के दिन कांग्रेस के सभी प्रमुख नेता और कार्यकर्ता दतिया विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों में तैनात रहेंगे, ताकि चुनाव प्रक्रिया पर नजर रखी जा सके और मतदाताओं तक पार्टी की बात प्रभावी ढंग से पहुंचाई जा सके।


कांग्रेस ने विश्वास जताया है कि कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के समर्थन के बल पर पार्टी दतिया विधानसभा उपचुनाव में जीत दर्ज करेगी।