नई दिल्ली। कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 का आठवां दिन भारत के लिए अच्छा रहा। देश की झोली में एक सिल्वर और एक ब्रॉन्ज मेडल आया। हालांकि, दो मेडल जीतने के बावजूद मेडल टैली में भारत को दो पायदान का नुकसान झेलना पड़ा है। कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में अब भारत के कुल 17 मेडल हो गए हैं, जिसमें 3 गोल्ड, 10 सिल्वर और 4 ब्रॉन्ज मेडल शामिल हैं। हालांकि, मेडल टैली में भारत आठवें स्थान से खिसकर अब 10वें नंबर पर आ गया है। आठवें दिन भारत को पहला मेडल वेटलिफ्टिंग में लवप्रीत सिंह ने दिलाया। उन्होंने 110 प्लस किलोग्राम वर्ग में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए कुल 388 किलो का वजन उठाते हुए सिल्वर मेडल अपने नाम किया। लवप्रीत गोल्ड लाने से महज एक किलोग्राम से चूक गए।
वहीं, विमेंस डिस्कस थ्रो इवेंट में सीमा कालीरमन ने देश को आठवें दिन का दूसरा मेडल ब्रॉन्ज के रूप में दिलाया। उन्होंने 58.65 का बेस्ट थ्रो फेंकने के साथ ही भारत को इस इवेंट का चौथा ब्रॉन्ज मेडल दिलवाया। मेडल टैली में ऑस्ट्रेलिया की बादशाहत आठवें दिन भी बरकरार रही। ऑस्ट्रेलिया के कुल मेडल की संख्या अब 110 हो गई है, जिसमें 51 गोल्ड, 24 सिल्वर और 35 ब्रॉन्ज मेडल शामिल हैं।
इंग्लैंड 15 गोल्ड, 30 सिल्वर और 20 ब्रॉन्ज के साथ मेडल टैली में दूसरे स्थान पर पहुंच गया है। कनाडा को एक पायदान का नुकसान झेलना पड़ा है। 15 गोल्ड समेत कुल 45 मेडल के साथ कनाडा अब तीसरे नंबर पर आ गया है। हालांकि, मेजबान स्कॉटलैंड 9 गोल्ड, 7 सिल्वर और 9 ब्रॉन्ज के साथ चौथे नंबर पर बना हुआ है।
नाइजीरिया कुल 15 मेडल (8 गोल्ड, 5 सिल्वर और 2 ब्रॉन्ज) के साथ पांचवें नंबर पर काबिज है। वहीं, साउथ अफ्रीका 6 गोल्ड समेत कुल 23 मेडल के साथ छठे नंबर पर मौजूद है। मलेशिया 12 मेडल लेकर सातवें और न्यूजीलैंड 5 गोल्ड समेत 21 मेडल के साथ आठवें नंबर पर है। भारत से ठीक ऊपर जमैका है, जो अब तक 4 गोल्ड, 2 सिल्वर और 2 ब्रॉन्ज मेडल जीत चुका है।




