इंदौर। इंदौर में 31 मार्च को पहली बार मध्य प्रदेश क्रिकेट लीग के लिए खिलाड़ियों की नीलामी आयोजित होने जा रही है। यह लीग अब आईपीएल की तर्ज पर ऑक्शन फॉर्मेट अपना रही है, जहां फ्रेंचाइजी टीमें अपनी पसंद के खिलाड़ियों पर बोली लगाकर उन्हें खरीदेंगी। नीलामी ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में दोपहर 3 बजे से शुरू होगी।इस ऑक्शन में आवेश खान, कुलदीप सेन, आशुतोष शर्मा, अनिकेत वर्मा और माधव तिवारी जैसे खिलाड़ी शामिल होंगे, जिन पर फ्रेंचाइजी की खास नजर रहेगी। वहीं वेंकटेश अय्यर को 12.5 लाख रुपए और रजत पाटीदार को 7 लाख रुपए में रिटेन किया जा चुका है।
मध्य प्रदेश क्रिकेट लीग के पिछले दो सीजन काफी सफल रहे हैं और यहां से निकले कई खिलाड़ी Indian Premier League में भी अपनी पहचान बना चुके हैं। इस बार लीग में 7 की जगह 10 टीमें हिस्सा लेंगी, जिससे मुकाबला और ज्यादा रोमांचक होगा। नीलामी में सबसे ज्यादा नजरें आवेश खान पर रहेंगी, जिन्हें किसी भी टीम ने रिटेन नहीं किया है। इसके अलावा सनराइजर्स हैदराबाद से जुड़े अनिकेत वर्मा और इंदौर के ऑलराउंडर माधव तिवारी भी चर्चा में हैं। लीग में भाग लेने के लिए 19 वर्ष से कम उम्र के खिलाड़ियों को अनुमति नहीं दी गई है। यह फैसला बीसीसीआई की नीति के अनुसार लिया गया है, ताकि युवा खिलाड़ी लंबी अवधि के क्रिकेट पर ध्यान दे सकें। मध्यप्रदेश के लिए यह लीग न केवल खेल बल्कि आर्थिक दृष्टि से भी बड़ा अवसर मानी जा रही है, जिससे स्थानीय प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का मंच मिलेगा।

