मैहर, प्रशांत शुक्ला। जिले के बदेरा थाना क्षेत्र के सारंग गांव में भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा हटाए जाने के बाद आदिवासी समाज में आक्रोश फैल गया। घटना के विरोध में ग्रामीणों ने पहले कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा और इसके बाद सड़क पर बैठकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के चलते क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सांसद गणेश सिंह और मैहर विधायक मौके पर पहुंचे तथा ग्रामीणों से चर्चा कर स्थिति को शांत कराने का प्रयास किया। जनप्रतिनिधियों के हस्तक्षेप के बाद वन विभाग ने भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा सम्मानपूर्वक वापस सौंप दी। साथ ही हिरासत में लिए गए दो ग्रामीणों को भी रिहा कर दिया गया।
इस दौरान ग्रामीणों ने जनजातीय समाज के धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों के लिए लगभग दो हेक्टेयर भूमि उपलब्ध कराने की मांग भी रखी। सांसद गणेश सिंह ने संबंधित स्थल का निरीक्षण कर मांग के संबंध में उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
प्रतिमा वापस मिलने के बाद ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया, वहीं वन विभाग की कार्रवाई पर नाराजगी भी जताई। ग्रामीणों का कहना है कि भविष्य में इस प्रकार की कार्रवाई से पहले स्थानीय लोगों की भावनाओं और सामाजिक परंपराओं का सम्मान किया जाना चाहिए।




