छतरपुर, विनोद मिश्रा। पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के 30वें जन्मोत्सव के अवसर पर शहर के संकट मोचन मंदिर में संकट मोचन समिति द्वारा प्रस्तावित गौशाला निर्माण कार्य का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस दौरान मंदिर परिसर में पूजा-अर्चना कर उनकी दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य एवं राष्ट्र सेवा के लिए विशेष प्रार्थना की गई। श्रद्धालुओं ने धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लेकर जन्मोत्सव को श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया।


संकट मोचन मंदिर के महंत राजीव लोचन दास महाराज ने कहा कि उन्हें रायपुर (छत्तीसगढ़) से होने पर गर्व है, वहीं छतरपुर के संकट मोचन मंदिर का महंत बनने का सौभाग्य भी प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का जन्म छतरपुर जिले के ग्राम गढ़ा में हुआ और उनके जन्मोत्सव पर दिल्ली सहित छतरपुर के विभिन्न धार्मिक स्थलों एवं सामाजिक संगठनों द्वारा विविध कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।


संकट मोचन समिति के अध्यक्ष अभिलाष मिश्रा ने बताया कि पिछले वर्ष मंदिर में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के दौरान पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री संकट मोचन मंदिर पहुंचे थे। उसी समय उन्होंने प्रस्तावित गौशाला का भूमि पूजन किया था। उनके 30वें जन्मोत्सव के शुभ अवसर पर अब गौशाला निर्माण कार्य का औपचारिक शुभारंभ किया गया है। समिति ने इसे गौसेवा, धार्मिक आस्था और समाज सेवा के संकल्प का प्रतीक बताया।


इस अवसर पर समाजसेवी राजेंद्र अग्रवाल, राकेश तिवारी, अभिलाष मिश्रा, विनोद मिश्रा, सूरज राठौर, जितेंद्र निगम, विपिन गुप्ता, राम सहाय कुशवाहा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। कार्यक्रम में गौसंरक्षण एवं धार्मिक सेवा के प्रति लोगों को प्रेरित करने का संदेश भी दिया गया।