मंदसौर, ललित शंकर धाकड़ । देशभर में चर्चित NEET पेपर लीक मामले को लेकर मंदसौर में जिला कांग्रेस कमेटी ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ता हाथों में मशाल लेकर सड़कों पर उतरे और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि पेपर लीक जैसी घटनाओं से लाखों युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है।
मशाल जुलूस शहर के प्रमुख मार्गों से निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और युवा शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने “छात्रों के भविष्य से समझौता नहीं”, “युवा विरोधी सरकार मुर्दाबाद” जैसे नारे लगाते हुए केंद्र और राज्य सरकार को घेरा। कांग्रेस नेताओं का कहना था कि लगातार हो रहे पेपर लीक मामलों ने देश की शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि सरकार युवाओं को सुरक्षित और पारदर्शी परीक्षा प्रणाली देने में पूरी तरह विफल साबित हुई है। उन्होंने कहा कि मेहनत करने वाले छात्रों के सपनों को भ्रष्ट व्यवस्था कुचल रही है और सरकार इस पर जवाब देने से बच रही है।
कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई और छात्रों को न्याय नहीं मिला तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। प्रदर्शन के चलते शहर में कुछ समय के लिए राजनीतिक माहौल गरमाया रहा।

