छिंदवाड़ा, जीशान अंसारी। जिले में स्थाई क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (आरटीओ) की नियुक्ति और परिवहन कार्यालय में कथित भ्रष्टाचार के विरोध में कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस सेवा दल के कार्यकर्ताओं ने इंदिरा तिराहे पर प्रभारी आरटीओ अनुराग शुक्ला का पुतला दहन किया। इसके बाद रैली निकालते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा और जल्द स्थाई आरटीओ की नियुक्ति की मांग की।


प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि परिवहन कार्यालय में भ्रष्टाचार चरम पर है। उनका कहना है कि जिन सेवाओं के लिए शासन द्वारा कोई शुल्क निर्धारित नहीं किया गया है, उनके लिए भी कर्मचारियों द्वारा आम लोगों से अवैध वसूली की जा रही है। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि कार्यालय में पारदर्शिता का अभाव है, जिससे आम नागरिकों को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।


कांग्रेस सेवा दल ने कहा कि प्रभारी आरटीओ अनुराग शुक्ला के पास एक साथ छिंदवाड़ा, पांढुर्णा और बैतूल तीन जिलों का प्रभार होने के कारण छिंदवाड़ा के परिवहन कार्यालय का नियमित संचालन प्रभावित हो रहा है। इससे वाहन संबंधी विभिन्न कार्य समय पर नहीं हो पा रहे हैं और लोगों को बार-बार कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।


प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जिले की जनता लंबे समय से स्थाई आरटीओ की नियुक्ति की मांग कर रही है, लेकिन शासन इस ओर गंभीरता नहीं दिखा रहा है। उन्होंने प्रभारी आरटीओ की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए तत्काल उन्हें हटाकर छिंदवाड़ा में स्थाई आरटीओ की पदस्थापना करने की मांग की।


कांग्रेस ने प्रशासन को सौंपे गए ज्ञापन में चेतावनी दी कि यदि जल्द ही स्थाई आरटीओ की नियुक्ति नहीं की गई और परिवहन कार्यालय में व्याप्त कथित भ्रष्टाचार पर अंकुश नहीं लगाया गया, तो आंदोलन को और व्यापक एवं उग्र रूप दिया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।